गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में किराना व्यापारी के अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने ओडिशा के कोरापुट में दबिश देकर अपहृत व्यापारी को सकुशल मुक्त कराया और तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और पुलिस लिखी स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घर के बाहर से पिस्तौल दिखाकर किया था अपहरण
यह मामला मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ का है। 20 जून की सुबह करीब 11 बजे किराना व्यवसायी गिरीश यादव (41) अपने घर के बाहर थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर जबरन उन्हें बलेनो कार में बैठाकर फरार हो गए।
घटना के बाद व्यापारी की पत्नी ने मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल पर कॉल कर मांगी 20 लाख की फिरौती
जांच के दौरान अपहृत व्यापारी के घर पर मौजूद मोबाइल फोन पर बदमाशों ने कई बार कॉल किया। आरोपियों ने गिरीश यादव को छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर लोकेशन, डिजिटल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया।
ओडिशा के कोरापुट से सकुशल छुड़ाया व्यापारी
एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में जिला साइबर सेल और मरवाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा के कोरापुट पहुंची। अभियान के दौरान पुलिस ने अपहृत व्यापारी को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया और तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से हथियार और पुलिस लिखी स्कॉर्पियो जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। वाहन पर नीली बत्ती लगी हुई थी और उस पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांजा कारोबार के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि अपहृत व्यापारी गिरीश यादव कथित तौर पर गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार अपहरण की घटना इसी कारोबार में लेनदेन के विवाद से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस इस पूरे एंगल की भी गहन जांच कर रही है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- पुंडलिक केंद्रे (37), निवासी उमरगा (रेतू), थाना जलकोट, जिला लातूर, महाराष्ट्र।
- चंद्रशेखर (30), निवासी बाशनी, सरस्वती नगर ओम कॉलोनी, जिला जोधपुर, राजस्थान।
- शेषपाल सिंह (30), निवासी नगला भिक्की सुराया, थाना एका, जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।



















