अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलौदाबाजार में उमड़ा उत्साह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले, योग से स्वस्थ शरीर के साथ मिलता है मानसिक संतुलन

बलौदाबाजार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

योग कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं एवं नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने योगासन और प्राणायाम की विभिन्न क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान हर आयु वर्ग के लोगों में योग को लेकर विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

योग भारत की प्राचीन विरासत, पूरी दुनिया ने अपनाया इसका महत्व

योगाभ्यास के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा और अध्यात्म को आज पूरी दुनिया सम्मान के साथ अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की, जिसके बाद दुनिया के अनेक देशों में हर वर्ष योग दिवस मनाया जा रहा है।

स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित रखने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन के लिए नियमित रूप से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *