शादी का सपना बना 9.50 लाख की ठगी का जाल! रायपुर के रिटायर्ड कर्मचारी को ‘रेलवे इंजीनियर’ बनकर महिला ने फंसाया, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर 65 वर्षीय सेवानिवृत्त टेक्निशियन से 9.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी महिला ने खुद को सेवानिवृत्त रेलवे इंजीनियर बताकर पहले विश्वास जीता, फिर पारिवारिक परेशानियों और इलाज जैसे बहाने बनाकर अलग अलग किस्तों में लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी महिला सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मैरिज ब्यूरो के जरिए हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार पीड़ित मनहरण टिकरिहा की पहचान दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई थी। महिला ने खुद को कोरबा की रहने वाली और रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त इंजीनियर बताया। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होने लगी, जिससे महिला ने पीड़ित का भरोसा जीत लिया।

बीमारी और पारिवारिक संकट का बहाना बनाकर ऐंठे लाखों रुपये

विश्वास कायम होने के बाद महिला ने कभी पारिवारिक कार्यक्रम, कभी दुर्घटना तो कभी इलाज के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। भरोसे में आए बुजुर्ग ने अलग अलग बैंक खातों में रकम भेजना शुरू कर दिया। 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच कुल 9 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। रकम मिलने के बाद महिला ने अपना मोबाइल बंद कर लिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

आजाद चौक थाने में दर्ज हुआ मामला

पीड़ित की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

तकनीकी जांच से ओडिशा तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों की लोकेशन ओडिशा के बलांगीर जिले में मिली। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ओडिशा रवाना हुई और वहां से मुख्य संदिग्ध जसवंत डूण्डी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुला पूरा गिरोह

पूछताछ के दौरान जसवंत डूण्डी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की साजिश रचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मनोज राणा और यश नायक को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(1) और 3(5) भी जोड़ी गई है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • जसवंत डूण्डी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम ठेमरा जामतरा, थाना सिंदेकला, जिला बलांगीर, ओडिशा।
  • मनोज राणा, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम सूलेकला, थाना बेलपड़ा, जिला बलांगीर, ओडिशा।
  • यश नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुदीपड़ा ब्रिज, थाना सम्बलपुर टाउन, जिला सम्बलपुर, ओडिशा।

मुख्य आरोपी महिला अब भी फरार

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल मुख्य आरोपी महिला और अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *