भाजपा कार्यकर्ताओं को डॉ. रमन सिंह का संदेश, ‘अब मतभेद छोड़िए, अगले ढाई साल संगठन के लिए पूरी ताकत से जुटिए’

 कवर्धा :  भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल का आधा समय पूरा हो चुका है और अब बचे हुए ढाई वर्ष पार्टी तथा सरकार के लिए निर्णायक साबित होंगे। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत बनाने में जुटना चाहिए।

कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ढाई वर्ष पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जिसने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने विकास और सुशासन की दिशा में काम किया है, इसलिए अब यह सुनिश्चित करना होगा कि कांग्रेस दोबारा सत्ता में वापसी न कर सके।

पदों को लेकर असंतोष छोड़ने की सलाह

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार में अधिकांश जिम्मेदारियां तय की जा चुकी हैं। वर्तमान में कोई महत्वपूर्ण पद रिक्त नहीं है, इसलिए किसी भी प्रकार की नाराजगी या असंतोष पालने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी समय और आवश्यकता के अनुसार सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर देती है।

40 साल के राजनीतिक अनुभव का दिया उदाहरण

अपने लंबे राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि चार दशक के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त समझा, उसे स्वीकार कर पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन के निर्णयों पर विश्वास रखें और भाजपा को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *