जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बारिश से बचने झोपड़ी में रुके थे लोग
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। उस समय कुछ लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए सभी एक झोपड़ी में जाकर रुक गए।इसी दौरान अचानक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन लोग झुलसकर घायल हो गए।
प्रशासन ने मौके पर भेजी टीम
हादसे की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बलौदा तहसीलदार को तत्काल गांव भेजा। प्रशासनिक टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन घायलों का उपचार जारी है। कलेक्टर ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को मिलेगी सहायता
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तत्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया है।हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से इनकी मौत
- नरेश खैरवार, पिता रामू खैरवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी महुदा, थाना बलौदा
- रामभरोश पटेल, पिता कंश राम पटेल, उम्र 32 वर्ष
- तुलसी राम पटेल, पिता बेदराम पटेल, उम्र 51 वर्ष
हादसे में ये तीन लोग घायल
- अंजू पटेल, पति रामभरोश पटेल, उम्र 26 वर्ष
- दुलारा बाई पटेल, पति तुलसी पटेल, उम्र 46 वर्ष
- बैशाखू, पिता रामू खैरवार, उम्र 32 वर्ष



















