दुर्ग चोरी मामला : पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार सूने मकानों में हो रही चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहन और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि जामुल निवासी अनुराग मिश्रा ने दोनों थाना क्षेत्रों के आठ बंद मकानों को निशाना बनाया था। चोरी की हर वारदात के बाद वह मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले जाता था, ताकि पुलिस को कोई अहम सुराग न मिल सके। लगातार बढ़ रही वारदातों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर निगरानी और नाकेबंदी शुरू की।
संदिग्ध कार से खुला पूरा मामला
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को एक सफेद इंडिगो कार संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। वाहन रोकने का संकेत मिलने पर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
कर्ज चुकाने के लिए बनाया चोरी का रास्ता
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम करता था। ऑनलाइन लोन एप के जरिए वह लाखों रुपये के कर्ज में फंस गया था। विभिन्न कॉलोनियों में उसकी आवाजाही और सीसीटीवी सिस्टम की जानकारी का फायदा उठाकर वह पहले सूने मकानों की रेकी करता और रात में सब्बल, पेचकस सहित अन्य औजारों की मदद से घरों में घुसकर चोरी करता था। वारदात के बाद वह डीवीआर भी साथ ले जाता था, जिससे सबूत मिटाए जा सकें।
गहने गिरवी रखकर लेता था लोन
दुर्ग चोरी मामला की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के सोने के आभूषणों को विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेता था। मिली रकम का इस्तेमाल वह निजी खर्चों में करता था, जबकि कुछ राशि अपने साथी तुषार मिश्रा के बैंक खाते में भी ट्रांसफर करता था, ताकि संदेह न हो। पुलिस ने जांच के दौरान गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
आरोपियों के पास से लगभग 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के गहने, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार, दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन सहित करीब 32 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



















