रायपुर : भनपुरी इलाके में शुक्रवार को एक धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। सेंधवा तालाब के पास महतारी चौक स्थित एक मकान में करीब 25 से 30 लोगों के जुटने की सूचना के बाद हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। देखते ही देखते उन्होंने मकान को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
धार्मिक कार्यक्रम को लेकर लगाया गया धर्मांतरण का आरोप
मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मकान में धर्मांतरण गतिविधि होने का आरोप लगाया। शिकायत में कार्यक्रम में मौजूद लोगों की पहचान और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है।संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, सुषमा वर्मा और घनश्याम वर्मा के घर पर लोगों के एकत्र होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुरू की पड़ताल
बताया जा रहा है कि मकान में चंगाई सभा आयोजित की गई थी। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कार्यक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों की जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि मकान में किस उद्देश्य से लोगों को बुलाया गया था और वहां वास्तव में क्या गतिविधियां चल रही थीं।
जांच के बाद साफ होगी पूरे विवाद की तस्वीर
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



















