रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार, 16 नवंबर को जशपुर और बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। उनका पूरा दिन विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और विकास से जुड़े आयोजनों के नाम रहेगा। दौरे की शुरुआत जशपुर जिले के कुनकुरी से होगी। इसके बाद वे बिलासपुर पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव दिवस समारोह और विभिन्न विकास कार्यों में हिस्सा लेंगे।
कुनकुरी में छठ महापर्व में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री सुबह 5 बजे जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित अपने निजी निवास से रवाना होंगे। सुबह 5:20 बजे कुनकुरी के छठ घाट पहुंचेंगे। यहां सुबह 10:30 बजे तक छठ महापर्व के आयोजन में शामिल होने के साथ विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और आरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।इसके बाद सुबह 10:50 बजे सलियाटोली हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे बिलासपुर के कोनी स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे गुरु घासीदास विश्वविद्यालय जाएंगे। सुबह 11:55 बजे विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम दोपहर 1:25 बजे तक चलेगा।
धान खरीदी केंद्र और निर्माणाधीन प्लांट का करेंगे निरीक्षण
विश्वविद्यालय से रवाना होकर मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे सेंदरी पहुंचेंगे। यहां धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही निर्माणाधीन सीबीएस प्लांट की प्रगति का जायजा लेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों के लिए दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में लेंगे हिस्सा
दोपहर 2:20 बजे मुख्यमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सेजेस स्कूल बिलासपुर पहुंचेंगे। यहां आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 3:20 बजे तक चलेगा।
मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर का करेंगे लोकार्पण
बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड पर दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर शामिल हैं। दोनों परियोजनाओं के लोकार्पण के लिए दोपहर 3:50 बजे तक का समय निर्धारित है।
शाम 4:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
पुराने बस स्टैंड से रवाना होकर मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे कोनी हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:45 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4:50 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।इस तरह मुख्यमंत्री का सोमवार का कार्यक्रम धार्मिक आयोजन, जनजातीय गौरव, प्रशासनिक निरीक्षण और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण से भरा रहेगा।



















