रायपुर : टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। छत्तीसगढ़ नगर में कपड़े निकालने के दौरान 54 वर्षीय महिला लोहे के तार में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। मां को करंट से चिपका देखकर उनका 23 वर्षीय बेटा बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। हादसे में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान कल्याणी यादव और उनके बेटे मधुसूदन यादव के रूप में हुई है।
कपड़े लेने बालकनी में गई थीं कल्याणी
जानकारी के मुताबिक कल्याणी यादव अपने बेटे मधुसूदन के साथ रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर पहुंची थीं। उनकी बेटी यहां किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार को कल्याणी बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं।इसी दौरान जिस लोहे के तार पर कपड़े सूख रहे थे, उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। तार के संपर्क में आते ही कल्याणी करंट की चपेट में आ गईं।
मां को बचाने पहुंचा बेटा, खुद भी आया करंट की चपेट में
मां को बिजली का झटका लगते देख मधुसूदन तुरंत उन्हें बचाने के लिए पहुंचा। उसने मां को तार से अलग करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया।हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस जांच में जुटी, तार में करंट आने की वजह तलाश रही
घटना की जानकारी मिलने के बाद टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। लोहे के तार में करंट किस वजह से पहुंचा और बिजली व्यवस्था में कहां लापरवाही हुई, इसकी जांच की जा रही है।
बेटी से मिलने आया था परिवार
कल्याणी यादव धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार कृषि कार्य से जुड़ा है। बेटी से मिलने के लिए वह अपने बेटे मधुसूदन के साथ रायपुर आई थीं। लेकिन बेटी के पास कुछ समय बिताने पहुंचे मां-बेटे की इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।



















