छत्तीसगढ़ : सरकार ने असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मानवीय संवेदनाओं और राज्यों के बीच सहयोग की भावना को प्राथमिकता देते हुए असम के राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।सरकार की ओर से दी जाने वाली यह राशि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने में उपयोग की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने हिमंत बिस्वा सरमा से की बातचीत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर वहां बाढ़ से बने हालात की जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्राकृतिक आपदा की घड़ी में छत्तीसगढ़ पूरी मजबूती के साथ असम के लोगों के साथ खड़ा है।मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में दोनों राज्यों के बीच सहयोग की भावना लगातार बनी रहेगी।
सोशल मीडिया पर भी जताई एकजुटता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में लिखा कि असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से चर्चा की है।उन्होंने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता असम के भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी है। राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
आपदा के समय सहयोग का दिया संदेश
छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम राज्यों के बीच सहयोग और मानवीय सहायता की भावना को मजबूत करने वाला माना जा रहा है। प्राकृतिक आपदाओं के समय एक-दूसरे की मदद करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि संकट की घड़ी में देश के सभी राज्य एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।



















