CG Rain Alert: बारिश में करंट बन सकता है जानलेवा, बिजली कंपनी ने जारी की एडवाइजरी, जानिए क्या करें और क्या नहीं

 रायपुर। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि बरसात के मौसम में बिजली के खंभों, टूटे हुए तारों, ट्रांसफार्मरों और हाईटेंशन लाइनों के संपर्क में आने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

खराब बिजली उपकरण दिखते ही तुरंत दें सूचना

बिजली कंपनी ने लोगों से अपील की है कि बारिश या आंधी के दौरान यदि कहीं बिजली का खंभा गिरा हुआ, तार टूटा हुआ या कोई विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त दिखाई दे तो उसके पास जाने की गलती न करें। इसकी जानकारी तुरंत टोल फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप या नजदीकी वितरण केंद्र एवं जोन कार्यालय को दें, ताकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर सुरक्षित तरीके से सुधार कार्य किया जा सके।

बारिश में इन बातों का रखें विशेष ध्यान

बरसात के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले तारों के आसपास पानी में चलने से बचें। ऐसे स्थानों पर करंट फैलने की आशंका रहती है। किसी भी विद्युत उपकरण का उपयोग करते समय हाथ और पैर पूरी तरह सूखे रखें। सुरक्षा के लिए रबर या प्लास्टिक के जूते चप्पल पहनना बेहतर माना गया है।कंपनी ने बताया कि मानसून से पहले फीडरों, ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों का निरीक्षण तथा आवश्यक रखरखाव किया जा चुका है। इसके बावजूद नागरिकों की सतर्कता सबसे जरूरी है।

इन गलतियों से बचें, नहीं तो हो सकता है बड़ा हादसा

घरों और खेतों में केवल अच्छी गुणवत्ता वाले बिजली उपकरणों का उपयोग करें। खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित करना पूरी तरह अवैध और जानलेवा है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

यदि बिजली लाइन या ट्रांसफार्मर में कोई खराबी दिखाई दे तो उसे स्वयं ठीक करने का प्रयास न करें। बिजली लाइनों के नीचे स्थायी या अस्थायी निर्माण भी नहीं करना चाहिए। यदि कोई तार टूटकर सड़क, खेत, नदी, नाले या तालाब में गिरा हुआ मिले तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें और तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें।बिजली चोरी के लिए हुकिंग करने से बचें। कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभों या स्टे वायर का उपयोग बिल्कुल न करें। कपड़े सुखाने वाली रस्सी भी बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी पर होनी चाहिए। अस्थायी कनेक्शन के लिए कटे या क्षतिग्रस्त तारों का इस्तेमाल न करें और बच्चों को बिजली उपकरणों के आसपास खेलने से रोकें।

करंट लग जाए तो सबसे पहले क्या करें

यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकें। यदि ऐसा संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की मदद से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें। कभी भी सीधे हाथ लगाकर बचाने का प्रयास न करें।

इसके बाद पीड़ित को सुरक्षित और सूखी जगह पर लिटाएं, जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार या कृत्रिम श्वास दें और बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।

बिजली गुल होने पर घबराएं नहीं

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने कहा कि तेज बारिश, आंधी और खराब मौसम में बिजली व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे समय में कर्मचारी लगातार फॉल्ट ढूंढ़ने और सुधार कार्य में जुटे रहते हैं।उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराने के बजाय कुछ समय इंतजार करें। यदि समस्या बनी रहती है तो टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं और सुधार कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें।

थोड़ी सावधानी, बड़ी सुरक्षा

बिजली विभाग का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता से अधिकांश हादसों को रोका जा सकता है। बिजली लाइनों और उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना, समय पर सूचना देना और सुरक्षा नियमों का पालन करना ही मानसून के दौरान खुद और दूसरों की जान बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *