मोबाइल पर मिलेंगे प्रमाण-पत्र, शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन; गरियाबंद से सीएम साय ने गिनाईं सुशासन की नई पहलें

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत शनिवार को गरियाबंद पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शासन की डिजिटल सेवाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है, जिससे नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का होगा बड़ा विस्तार, घर बैठे मिलेंगे जरूरी दस्तावेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी नींव पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी, लेकिन अब इसे व्यापक स्वरूप दिया गया है। वर्तमान में 400 से अधिक सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा चुका है। इसके जरिए नागरिक अपने मोबाइल फोन पर उपलब्ध ऐप की मदद से विभिन्न प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी दस्तावेज आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

इस महीने शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, शिकायतों के समाधान पर रहेगा फोकस

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार इसी महीने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शुरुआत करने जा रही है। इसके लिए एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था पूरी कर ली गई है और 100 से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर कार्य के लिए तैयार किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर कही बड़ी बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले केंद्र में लंबे समय तक यूपीए सरकार रही, लेकिन उस दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर सीमित प्रगति ही कर सकी। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने तेजी से आर्थिक विकास किया और आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

ढाई साल के कार्यकाल का जिक्र, अपराधियों के खिलाफ सख्ती का दोहराया संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 13 जून को राज्य सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कहीं भी कोई अपराध होने पर उसकी गंभीरता से जांच कराई गई है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई है।

‘कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा’

सीएम ने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के पक्ष में नहीं है। यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही ही सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *