दुष्कर्म कांड, धान खरीदी और पेपर लीक पर भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा, SIR पर चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

रायपुर। रायगढ़ के खरसिया स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती से मारपीट और दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसको लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छोटा रिचार्ज से राज्य संभल नहीं रहा है, इसे बदल देना चाहिए।

बता दें कि 14 नवंबर को युवती अपने प्रेमी के साथ बोतल्दा रॉक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान दो युवकों ने युवती के प्रेमी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में अब भूपेश बघेल ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छोटा रिचार्ज से राज्य संभल नहीं रहा है, इसे बदल देना चाहिए।

धान खरीदी में शॉर्टेज पर श्वेत पत्र की मांग

वहीं धान खरीदी केंद्रों में शॉर्टेज के मुद्दे पर भूपेश बघेल ने कहा कि हमने सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने पिछले साल की धान खरीदी को लेकर भी पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। बघेल ने कहा कि इस मांग को लेकर आज चौथा दिन हो गया है, लेकिन सरकार ने अब तक मौन साध रखा है।

RI परीक्षा पेपर लीक पर CBI जांच की मांग

इसके अलावा RI परीक्षा पेपर लीक मामले में नए तथ्यों और गिरफ्तारियों को लेकर भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं, सभी में गड़बड़ी सामने आई है। इन सभी मामलों की CBI जांच होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह जीरो टॉलरेंस की सरकार है।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना

इंडिया गठबंधन की ओर से SIR के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर किए जाने को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि लगातार निर्वाचन आयोग से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन आयोग की हठधर्मिता और अहंकार के कारण बातचीत नहीं हो पाई। अब आयोग को सुप्रीम कोर्ट में जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को भी समझ आया है कि यह संवैधानिक व्यवस्था का मामला है, लेकिन कई बातें उससे भी छिपाई गई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *