कांकेर : छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने वाले बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण का आगाज आज से होने जा रहा है। कांकेर जिले में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस आयोजन को लेकर बस्तर संभाग के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार पंजीयन के आंकड़ों ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। खास बात यह है कि खेलों में भाग लेने के लिए पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने अधिक संख्या में अपना पंजीयन कराया है। कुल 6 लाख 492 खिलाड़ियों में 3 लाख 83 हजार 94 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष शामिल हैं।
11 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और तीरंदाजी सहित अन्य खेल शामिल हैं।प्रतियोगिता के पहले दिन यानी 23 नवंबर को जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे। वहीं, 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
तीन प्रमुख मैदानों में होंगे मुकाबले
दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कांकेर में अलग-अलग खेल मैदान निर्धारित किए गए हैं। खिलाड़ियों के बीच मुकाबले नरहरदेव स्कूल मैदान, मिनी स्टेडियम और कन्या क्रीड़ा परिसर में कराए जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
पंजीयन में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा
इस बार बस्तर ओलंपिक में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है। कुल 6 लाख 492 पंजीकृत खिलाड़ियों में महिलाओं की संख्या 3 लाख 83 हजार 94 है, जबकि पुरुष खिलाड़ियों की संख्या 2 लाख 18 हजार 398 दर्ज की गई है।
यह आंकड़ा बताता है कि बस्तर क्षेत्र की महिलाएं और युवतियां भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए आगे आ रही हैं। खेल के प्रति उनका बढ़ता रुझान इस आयोजन की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों के उत्साह को सराहा
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण में बड़ी संख्या में पंजीयन होने पर क्षेत्र के लोगों और खिलाड़ियों की सराहना की है।उन्होंने कहा कि पिछले दो आयोजनों के माध्यम से बस्तर ओलंपिक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनने के अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं को खेल के जरिए मिलेगा नया मंच
लगातार तीसरे साल आयोजित हो रहा बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है। इसके जरिए बस्तर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। शासन और स्थानीय लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।



















