रायपुर। नेपाल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति शोक जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के पीड़ित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने पशुपतिनाथ से की प्रार्थना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए भगवान पशुपतिनाथ से प्रार्थना की। उन्होंने शोक में डूबे परिवारों को इस कठिन समय का सामना करने की शक्ति मिलने और आपदा के बीच लापता लोगों के सुरक्षित होने की कामना की।उन्होंने कहा कि नेपाल में आई इस आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति पूरा देश संवेदनशील है और इस मुश्किल समय में हरसंभव सहयोग की भावना के साथ उनके साथ खड़ा है।
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों तक सहायता पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रभावित व्यक्ति या उनके परिजन आवश्यक जानकारी और मदद के लिए इन माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं।
- आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन: 1070
- दूरभाष: +91-771-2223471
सुरक्षित वापसी के लिए सरकार सक्रिय
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है। संबंधित स्तर पर समन्वय करते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की इस स्थिति में राज्य सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।



















