रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायुसेना ने अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे तक चला। आयोजन में राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
तिरंगे पैराशूट के साथ जवानों की सटीक लैंडिंग
कार्यक्रम के दौरान वायुसेना के जवान तिरंगे के रंगों वाले पैराशूट के साथ आसमान से नीचे उतरे। उनकी सटीक लैंडिंग पर मैदान तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।इसके बाद गरुड़ कमांडो ने अपने साहस और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। MI-17 हेलिकॉप्टर से रस्सियों के सहारे तेजी से नीचे उतरकर जवानों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
एक दिन पहले सारंग टीम ने आसमान में बनाई दिल और डायमंड की आकृतियां
राज्योत्सव के पहले दिन भी एयर शो आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने पहली बार छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन किया।टीम के पांच स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में डायमंड, दिल और डॉल्फिन जैसी आकृतियां बनाईं। बेहद करीब उड़ान भरते हुए हेलिकॉप्टरों ने शानदार तालमेल, सटीक दिशा परिवर्तन और हवाई कौशल का प्रदर्शन किया। हेलिकॉप्टरों से निकले रंगीन धुएं ने आसमान में तिरंगे जैसी छटा बिखेर दी।
राज्योत्सव में देश की सैन्य क्षमता की झलक
लगातार दूसरे दिन हुए हवाई प्रदर्शन ने राज्योत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। पैराशूट जंप, कमांडो ऑपरेशन और हेलिकॉप्टरों के करतबों के जरिए वायुसेना के जवानों ने अपने प्रशिक्षण और साहस का परिचय दिया।



















