बीजापुर। जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक शादीशुदा महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कराया और घायल अवस्था में उसे कुएं में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक साल से था संपर्क
मृतक की पहचान दिलीप कडियम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से उसका बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत एक विवाहित महिला से परिचय था। उनका कहना है कि शुरुआत में दिलीप को महिला के विवाहित होने की जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
घर बुलाने के बाद हुआ हमला
परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को महिला ने फोन कर दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया। वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद दिलीप पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। आरोप है कि पहले उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया और फिर धारदार हथियार से हमला किया गया।
घायल हालत में कुएं में फेंकने का आरोप
परिजनों का कहना है कि हमले के बाद आरोपियों ने घायल दिलीप को कुएं में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने उसे बाहर निकाला। पहले उसे बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिवार ने महिला और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है।
हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
मिरतुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।



















