जांजगीर-चांपा : 16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बनी थी, उसी कहानी ने अब नया मोड़ ले लिया है। मंडप में दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाकर शादी से इनकार करने वाली मुस्कान प्रधान ने अब उसी संत कुमार के साथ मंदिर में विवाह कर लिया है। दोनों ने आपसी सहमति से रिश्ते को नया अवसर देते हुए वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लिए।
मंदिर में सादगी से संपन्न हुआ विवाह
गुरुवार को मुस्कान और संत कुमार ने खोखरा गांव स्थित मनका दाई मंदिर में विवाह किया। परिवार के चुनिंदा सदस्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। बताया जा रहा है कि लड़के पक्ष को इस फैसले की पहले से जानकारी थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।
23 जून को टूटी थी शादी
23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह उस समय सुर्खियों में आ गया था, जब मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए मंडप में ही शादी से इनकार कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा हुई। इसके बाद मुस्कान के फैसले को आत्मसम्मान और साहस का उदाहरण मानते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी।
बातचीत से दूर हुईं सभी गलतफहमियां
शादी टूटने के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। मुस्कान और संत कुमार के अनुसार, उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की, जिससे आपसी गलतफहमियां समाप्त हो गईं। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को फिर से शुरू करने और विवाह करने का निर्णय लिया।
ड्यूटी से निकलकर पहुंचीं सीधे मंदिर
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मुस्कान पहले परिवार परामर्श केंद्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने पहुंचीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंचीं, जहां मनका दाई मंदिर में विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं।
संत कुमार ने साजिश का किया दावा
संत कुमार ने दावा किया कि उन्होंने कभी शराब का सेवन नहीं किया। उनके अनुसार शादी वाले दिन किसी ने उनकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। उनका कहना है कि पूरी घटना सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। बाद में उन्होंने मुस्कान को पूरी बात बताई और दोनों ने रिश्ते को नया मौका देने का फैसला किया।
मोबाइल बंद होने पर पुलिस ने शुरू की तलाश
परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद जब मुस्कान घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि मोबाइल बंद मिलने के बाद पुलिस और साइबर टीम ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में संत कुमार के साथ विवाह कर चुकी हैं।
फिर चर्चा में आया यह रिश्ता
मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून की घटना गलतफहमी और कथित साजिश का परिणाम थी। अब दोनों ने सभी विवादों को पीछे छोड़कर आपसी सहमति से साथ रहने का फैसला किया है। 16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में सुर्खियां बनी थी, वही रिश्ता अब दोबारा जुड़ने के कारण एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है।



















