सड़क पर एक पल की चूक बनी जानलेवा, दो अलग हादसों ने परिवारों पर बरपाया कहर

कांकेर :  छत्तीसगढ़ के कांकेर और बालोद जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। भानुप्रतापपुर में बाइक सवारों की खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और दो लोग घायल हो गए। वहीं बालोद में अज्ञात वाहन की टक्कर से 56 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

भानुप्रतापपुर में ट्रक से जा भिड़ी बाइक, एक की मौत

भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक गंभीर दुर्घटना हुई। ग्राम किनारी से तीन लोग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा की तरफ जा रहे थे। सीटी ढाबा के पास पहुंचने पर बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तिलक कमेटी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर मौजूद रमिता कमेटी और जमुना मंडावी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

खड़े ट्रक से टक्कर के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। ऐसे में रात और सुबह के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी दृश्यता भी जांच का विषय बन गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

बालोद में अज्ञात वाहन ने ली अधेड़ की जान

दूसरा हादसा बालोद जिले के सोरर गांव के पास हुआ। यहां करहीभदर से अपने गांव लिमोरा जा रहे 56 वर्षीय ननकी विश्वकर्मा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।ननकी विश्वकर्मा, पिता बंसी विश्वकर्मा, ग्राम लिमोरा के निवासी थे। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से निकल गया। हादसे की सूचना मिलने पर बालोद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वाहन की तलाश जारी

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *