छत्तीसगढ़ : सुकमा जिले में शुक्रवार को उस वक्त अफरा तफरी की स्थिति बन गई, जब कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास पुलिस की सरकारी गाड़ी अचानक आग की चपेट में आ गई। वाहन में सवार पुलिसकर्मियों ने हालात बिगड़ते देख तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
चलती गाड़ी से उठने लगीं आग की लपटें, मौके पर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सुकमा पुलिस का शासकीय वाहन कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन से अचानक तेज लपटें निकलने लगीं। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई।आग का पता चलते ही वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए गाड़ी से बाहर निकलना शुरू कर दिया। समय रहते सभी के सुरक्षित बाहर आने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
देखते ही देखते धू धू कर जलने लगा पुलिस का वाहन
वाहन से आग की लपटें निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सरकारी वाहन धू धू कर जलने लगा। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी हलचल बढ़ गई।फिलहाल इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने या हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
आग कैसे लगी, इसकी जांच के बाद सामने आएगा पूरा कारण
पुलिस वाहन में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण सामने नहीं आया है। संबंधित स्तर पर जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि वाहन में आग किस वजह से लगी और इसमें किसी तकनीकी खराबी की भूमिका थी या नहीं।



















