बलौदाबाजार की फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मजदूर की मौत से फैला आक्रोश

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छैछानपैरी में स्थित आरटेक इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में 21 वर्षीय मजदूर नंदन कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार का रहने वाला था।

फैक्ट्री में पेट्रोल पंप के लिए टंकी निर्माण का कार्य चल रहा था, तभी सुरक्षा में गंभीर लापरवाही के चलते हादसा हुआ। घायल मजदूर को तत्काल रायपुर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इस दुर्घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में तनाव फैल गया। आक्रोशित मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। मीडिया के सवालों पर फैक्ट्री के एचआर अधिकारी जवाब देने से बचते नजर आए। मजदूरों और स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी है। उन्हें केवल फटे दस्ताने दिए जाते हैं, और नए की मांग करने पर मना कर दिया जाता है।

घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, अब तक प्रशासन की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह घटना न सिर्फ एक युवा श्रमिक की दुखद मृत्यु है, बल्कि यह औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सुरक्षा की अनदेखी और प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल उठाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *