छत्तीसगढ़ : लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने साफ कहा है कि वायरल किए जा रहे दावे पूरी तरह भ्रामक हैं और उनका वास्तविक चयन प्रक्रिया से कोई संबंध नहीं है। आयोग के अनुसार, परिणाम अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन पत्र में दर्ज जानकारी के आधार पर ही तैयार और जारी किए गए हैं।
आवेदन में जो नाम दर्ज हुए, उसी आधार पर जारी की गई चयन सूची
आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन नामों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं, वे संबंधित अभ्यर्थियों ने आवेदन भरते समय स्वयं दर्ज किए थे। NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHALAD और TUFAIL जैसे नामों वाले अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी शामिल हो चुके हैं। ऐसे में चयन सूची में इन नामों का दिखाई देना किसी प्रकार की अनियमितता या तकनीकी गड़बड़ी का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
341 पदों के लिए हुई परीक्षा, 7301 अभ्यर्थियों ने बनाई मुख्य परीक्षा में जगह
गौरतलब है कि CGPSC ने 4 अगस्त 2026 को सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर के 341 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा में कुल 7301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में बनाए गए 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
वायरल सूची के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
परिणाम सामने आने के बाद सफल अभ्यर्थियों की सूची तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। इस दौरान NEWS, SPACERANI और MANBAS जैसे कुछ नामों को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं और चर्चाएं शुरू हो गईं। मामला राजनीतिक स्तर तक पहुंच गया और कांग्रेस ने भी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।
आयोग का दावा, पूरी प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार हुई
विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों और आवेदन पत्रों में उपलब्ध अभ्यर्थियों की जानकारी के अनुसार संचालित की गई है। आयोग ने दोहराया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही भ्रामक बातों पर भरोसा करने के बजाय अभ्यर्थी केवल आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।



















