कोरबा : इमारती लकड़ी की चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की बेशकीमती लकड़ी के साथ उसे ले जाने में इस्तेमाल की गई क्रेन भी जब्त की है। खास बात यह है कि शुरुआत में मामला केवल सात पेड़ों की कटाई तक सीमित था, लेकिन जांच में चोरी की मात्रा काफी ज्यादा सामने आई।
जांच में सामने आया लकड़ी परिवहन का बड़ा रास्ता
वन विभाग की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि से बिना अनुमति सात वृक्षों की लकड़ी काटकर अवैध तरीके से ले जाई गई थी।
मामले की जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान पता चला कि अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक पहुंचाया गया था।
संयुक्त जांच दल की कार्रवाई में बड़ी बरामदगी
प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी बरामद की। इसके साथ ही लकड़ी परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन को भी जब्त किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 673/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में बीएनएस की धारा 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई, जिसके बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



















