एक फैसले से लाखों किसानों की बदलेगी तस्वीर…सरकार ने खोला राहत का बड़ा रास्ता

 मध्य प्रदेश : किसानों के लिए सरकार ने बड़ा राहत पैकेज तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जुलाई को भोपाल जिले के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 10.54 लाख किसानों के बैंक खातों में 1460.25 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी करेंगे। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से यह रकम सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।

सरकार ने लिया ऐसा फैसला, जिसका मिलेगा लंबे समय तक लाभ

राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए मंत्रिमंडल ने 11,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इस फैसले से आने वाले वर्षों में प्रदेश के दस लाख से अधिक किसानों को सुरक्षा और आर्थिक सहायता का लाभ मिलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने किसानों को दी समय रहते तैयारी की सलाह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अल-नीनो के असर के चलते इस बार मानसून सामान्य रहने की संभावना कम है। ऐसे में किसानों को तय समय सीमा के भीतर अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा जरूर कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल को किसी भी तरह का नुकसान होने पर बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच का काम करेगी। सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हित में लगातार फैसले ले रही है।

घर बैठे ऐसे पता करें मिलेगा लाभ या नहीं

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थी अपने आवेदन और क्लेम की स्थिति ऑनलाइन आसानी से जांच सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां होमपेज पर मौजूद ‘Application Status’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपनी रसीद संख्या या पॉलिसी आईडी दर्ज करें। अब स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा भरकर ‘Check Status’ पर क्लिक करें। इसके बाद आपके आवेदन और क्लेम से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *