मॉर्निंग वॉक पर कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, तीन नकाबपोश बदमाशों ने डंडे और धारदार हथियार से किया वार, रायपुर रेफर

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें घेरकर डंडों और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। घटना में श्याम कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

रेलवे अस्पताल के पास घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, श्याम कश्यप रोज की तरह सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। जब वे तारबाहर क्षेत्र स्थित रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे, तभी मुंह पर कपड़ा बांधे तीन बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। आरोपियों ने बिना किसी बातचीत के डंडों और नुकीले हथियार से लगातार हमला शुरू कर दिया। हमला करते समय बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

सिर, हाथ और पैर में आई गंभीर चोटें

हमले के दौरान श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही हमले के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *