बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में खेत की घेराबंदी के दौरान करंट लगने से मां और उसके दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेत की घेराबंदी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दसन बाई अपने खेत की मेड़ पर फसल को मवेशियों से बचाने के लिए जीआई तार और नायलॉन की रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। उनके साथ 23 वर्षीय बेटे विवेक सिंगरौल और 14 वर्षीय सत्यव्रत सिंगरौल भी काम में हाथ बंटा रहे थे। इसी दौरान अचानक जीआई तार में करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शाम तक घर नहीं लौटे तो खेत पहुंचा पति
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से ड्राइवर हैं। शुक्रवार सुबह वे काम पर निकल गए थे। देर शाम घर लौटने पर जब पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद वे खेत पहुंचे, जहां मेड़ के पास पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए और तत्काल गांव वालों तथा पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
घटना देर शाम होने के कारण शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।
करंट कैसे पहुंचा, जांच का विषय
पुलिस की शुरुआती जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है, लेकिन खेत की घेराबंदी में इस्तेमाल किए जा रहे जीआई तार में बिजली कैसे प्रवाहित हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी बिजली लाइन के संपर्क या तकनीकी खराबी के कारण तार में करंट आया होगा।पुलिस के साथ बिजली विभाग की टीम भी पूरे मामले की जांच करेगी। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गांव में शोक की लहर
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम भाड़म में मातम पसरा हुआ है। शनिवार को जब तीनों की अंतिम यात्रा निकली तो पूरा गांव गम में डूब गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।



















