छत्तीसगढ़ में मौसम का बड़ा बदलाव, अगले 5 दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, जानें रायपुर सहित पूरा वेदर अपडेट

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते अगले पांच दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

तापमान में आई गिरावट, मौसम हुआ सुहाना

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।आने वाले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और कमी आने की संभावना है, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है।

कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज

शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। तापमान के आंकड़ों के अनुसार दुर्ग में अधिकतम 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने 31 मई से 4 जून तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।यहां अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जून की शुरुआत में राहत भरा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि जून की शुरुआत में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रह सकता है। हालांकि गरज-चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *