जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के सरगीपाल इलाके में स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के फड़ नंबर 5 में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, जबकि मौके पर दमकल विभाग की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है।
दो दमकल गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास शुरू किए गए। स्थानीय लोगों की मदद से भी आग को फैलने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
पुराना संग्रहित तेंदूपत्ता था गोदाम में रखा
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोदाम में रखा गया तेंदूपत्ता पिछले वर्ष का संग्रहित माल था, जिसे पहले ही बेच दिया गया था। हालांकि आग लगने से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी तक नहीं हो पाया है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और नुकसान के आंकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हाल ही में बीजापुर की घटना के बाद फिर बड़ा सवाल
गौरतलब है कि कुछ समय पहले बीजापुर के तेंदूपत्ता गोदाम में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें करीब 10 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और गोदाम प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इलाके में दहशत, जांच जारी
आग लगने की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल दमकल कर्मी और वन विभाग की टीम मिलकर आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य करने में जुटी हुई है।



















