मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर छत्तीसगढ़ में गूंजा जश्न! मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- भारत ने हासिल किए विकास के नए आयाम

 रायपुर :  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूरे होने पर हार्दिक बधाई और अभिनंदन व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष भारत के इतिहास में सेवा, विकास और अंत्योदय की भावना को मजबूत करने वाले रहे हैं।

देश ने सेवा और सुशासन के नए युग में प्रवेश किया: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और विकास के नए युग में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में शासन की सोच और कार्यशैली में बड़ा बदलाव आया है, जहां विकास का लाभ सीधे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

अंत्योदय की भावना को मिली नई दिशा, हर वर्ग तक पहुंचा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाया है।

भारत की वैश्विक पहचान मजबूत, विकास के नए कीर्तिमान स्थापित

विष्णुदेव साय ने कहा कि आज भारत मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प अब जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है और देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

बस्तर और जनजातीय क्षेत्रों में दिख रहा परिवर्तन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा है। बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में, जो लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे, वहां अब विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई धारा दिखाई दे रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार तेजी से हुआ है।

सबका साथ, सबका विकास का मंत्र बना नीति का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को केवल नारा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे शासन और नीति का आधार बना दिया। इसका परिणाम है कि आज देश सामाजिक समावेशन और विकास की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र के साथ मिलकर विकास के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना

मुख्यमंत्री ने समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना की और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *