रेप केस वापस नहीं लिया तो नाबालिग की गला रेतकर हत्या, मां ने बचाने की कोशिश की तो काट दी उंगलियां

 मध्य प्रदेश:  रायसेन जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दुष्कर्म मामले की नाबालिग पीड़िता की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। इस हमले में पीड़िता की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मंडीदीप में हुई सनसनीखेज वारदात

पूरा मामला रायसेन जिले के मंडीदीप इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी मनोज अहिरवार काफी समय से नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। गुरुवार को भी वह पीड़िता के घर पहुंचा, लेकिन मां ने उसे फटकार लगाकर वहां से भगा दिया।बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे बाद आरोपी फिर लौटा और चुपचाप घर के अंदर घुस गया। वहां उसने किशोरी को धमकाना शुरू किया। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

पेपर कटर से किया हमला, मौके पर हुई मौत

पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपने पास रखा पेपर कटर निकाला और नाबालिग का गला रेत दिया। हमला इतना खतरनाक था कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। जब मां ने बेटी को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की दो उंगलियां कट गईं।घर से चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर दंग रह गए। जमीन पर किशोरी का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि मां दर्द से तड़प रही थीं। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की भागते वक्त तस्वीर

पुलिस ने बताया कि वारदात के दौरान किसी ने आरोपी को घर में घुसते नहीं देखा, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में वह घटना के बाद भागता हुआ नजर आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

जेल से छूटने के दो महीने बाद किया कत्ल

आरोपी मनोज अहिरवार पहले भी नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका था। करीब दो महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक जेल से छूटने के बाद वह हैदराबाद की एक कंपनी में काम कर रहा था, लेकिन मंडीदीप लौटने के बाद उसने हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया।जानकारी के अनुसार आरोपी शादीशुदा है और उसकी 9 महीने की एक बेटी भी है। वहीं उसकी पत्नी ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले मनोज पीड़िता को अपने साथ ले गया था। मामले की अगली सुनवाई 14 मई को होनी थी।

पहले आरोपी के पक्ष में दिया था बयान

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता ने शुरुआत में आरोपी के पक्ष में बयान दिया था, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल दिया था। इसके बाद से आरोपी लगातार दबाव बना रहा था।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *