रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन प्रदेश पर इसका प्रभाव फिलहाल बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और तेज हवाएं चल सकती हैं।
फिलहाल प्रदेश में दो अलग-अलग द्रोणिका रेखाएं सक्रिय हैं— एक पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पश्चिम विदर्भ तक, और दूसरी दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भी अगले 2 दिनों तक मेघ गर्जन और तेज हवा चल सकती है। वहीं, अगले 3 दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
आज की स्थिति की बात करें तो प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा अथवा छींटे पड़ सकते हैं। रायपुर में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी का अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों और आम नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर तेज हवाओं और अचानक बदलते मौसम के चलते।