छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम…कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं तेज गर्मी पड़ रही है, तो कहीं हर दूसरे दिन बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर की बात करें तो शनिवार देर रात जोरदार बारिश हुई, वहीं रविवार सुबह हल्की फुहारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया था। हालांकि शाम होते-होते फिर से गर्मी ने दस्तक दे दी।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम का मिजाज और बदलेगा। विभाग ने तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा में आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश की संभावना है।

बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के लिए येलो अलर्ट जारी है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि आंधी और ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।

छत्तीसगढ़ मौसम अलर्ट को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों पर न रहें और मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखें। मौसम का यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *