51 एकड़ में बन रहा नया विधानसभा परिसर: आधुनिक सुविधाओं और संस्कृति का संगम

रायपुर, 14 मई 2025: छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक विरासत और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक बनने जा रहा है नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा परिसर, जिसका निर्माण 51 एकड़ क्षेत्रफल में तेज़ी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और इसे सितंबर 2025 तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “यह भवन ना केवल शासन का संचालन केंद्र होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और लोकतांत्रिक चेतना को भी दर्शाएगा।”

तीन प्रमुख विंग, अत्याधुनिक सुविधाएं

नवीन विधानसभा भवन को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है:

  • विधानसभा सचिवालय
  • विधानसभा सदन
  • सेंट्रल हॉल परिसर

इनमें दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी, पुस्तकालय, वातानुकूलन, डामरीकरण, फिक्स्ड फर्नीचर, और उद्यानिकी कार्य पूरे जोश से जारी हैं। अब तक 95% कार्य पूर्ण हो चुका है।

सुरक्षा, पर्यावरण और संस्कृति का अद्भुत संगम

  • परिसर में फायर फाइटिंग सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, और 300 किलोवॉट सोलर पैनल जैसे ऊर्जा संरक्षण तकनीक का उपयोग हो रहा है।
  • 500 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी तैयार हो रहा है।
  • साथ ही परिसर में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित एक संग्रहालय का भी निर्माण किया जा रहा है, जो राज्य की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएगा।

हर विभाग की तय जिम्मेदारी, सामंजस्य से कार्य

बैठक में लोक निर्माण विभाग, संस्कृति विभाग, उद्यानिकी और चिप्स के कार्यों की समीक्षा हुई और सभी को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *