21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा अंतर की राशि का लाभ: CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के साथ किसानों को अधिक सुविधाएं देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष सरकार ने किसानों के हित में निर्णय लिया है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा। इससे उन किसानों को भी आर्थिक सहायता मिल सकेगी, जिनके खेतों में उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होता है।

कम उत्पादन वाले किसानों को भी मिलेगा लाभ

पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी इलाकों में खेती की परिस्थितियां एक जैसी नही है। मिट्टी, मौसम और अन्य स्थानीय परिस्थितियों के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में धान का उत्पादन भी अलग-अलग होता है। ऐसे में कम पैदावार वाले किसानों को आर्थिक लाभ से वंचित रखना उचित नही होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल से कम धान बेचते है, उन्हें भी तय सीमा यानी 21 क्विंटल तक की अंतर राशि उनके बैंक खातों में दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि कम उत्पादन के चलते किसी किसान को इस लाभ से बाहर न रहना पड़े।

किसानों की समस्याओं से परिचित हूं: मुख्यमंत्री

साय ने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते है और खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों को अच्छी तरह समझते है। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक आर्थिक लाभ देने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। सरकार ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रयास कर रही है, जिससे किसानों को जरूरी प्रक्रियाओं के लिए कम से कम दिक्कतों का सामना करना पड़े।

किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसान कल्याण से जुड़े फैसले ले रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती को लाभकारी बनाया जा सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले, इसी दिशा में योजनाएं तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी, आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार से जुड़े फैसलों में किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का मानना है कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *