छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की भर्ती, 29 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा; बस्तर में 15 केंद्र तैयार

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश में व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक संवर्ग के करीब 5 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से 29 नवंबर से 20 दिसंबर तक चरणबद्ध परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 29 नवंबर को व्याख्याता के 854 पदों के लिए परीक्षा से होगी। बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,771 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

व्याख्याता के 854 पदों पर विषयवार भर्ती

व्याख्याता भर्ती में अलग-अलग विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में 120-120 पद रखे गए हैं। भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास और अर्थशास्त्र में 100-100 पदों पर भर्ती होगी। वहीं भौतिकी विषय के लिए 94 पद निर्धारित किए गए हैं।इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद बस्तर संभाग में करीब 1,500 नए शिक्षक मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी कम करने में मदद मिलेगी।

सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी परीक्षा

व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र के अभ्यर्थी शामिल होंगे।बस्तर जिले में काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुर, रेलवे कॉलोनी स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, आड़ावाल, पथरागुड़ा, बाल विहार, निर्मल स्कूल, ढेबरीधूर कॉलेज और आसना स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। गहरे रंग के कपड़े, आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, बेल्ट, जूते, टोपी, चश्मा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। नियमों का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश में परेशानी हो सकती है।

दिसंबर में शिक्षक और सहायक शिक्षक पदों की परीक्षा

व्याख्याता परीक्षा के बाद दिसंबर में सहायक शिक्षक और शिक्षक संवर्ग के पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सहायक शिक्षक के 2,292 और शिक्षक के 1,654 पदों पर भर्ती होगी।शिक्षक संवर्ग के रिक्त पद अंग्रेजी, संस्कृत, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषयों से संबंधित हैं। सहायक शिक्षक भर्ती में विज्ञान विषय के 200 पद भी शामिल किए गए हैं।पूरी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों को भरने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *