सुकमा। वाहन चालकों के लिए ई-चालान की जानकारी हासिल करना और जुर्माना जमा करना अब पहले से आसान हो गया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जारी चालान का ब्योरा देखने या उसका भुगतान करने के लिए अब पुलिस थाने अथवा सरकारी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है। वाहन मालिक अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे लंबित चालान देख सकते हैं और ऑनलाइन जुर्माना जमा कर उसकी डिजिटल रसीद भी प्राप्त कर सकते हैं।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से इस डिजिटल सुविधा का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक, फर्जी संदेश और संदिग्ध मोबाइल एप्लिकेशन से सावधान रहने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक, चालान की जानकारी और भुगतान के लिए केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल का ही उपयोग करना चाहिए।
ऐसे चेक करें आपकी गाड़ी पर कितना ई-चालान बकाया है
वाहन के खिलाफ जारी लंबित चालानों की जानकारी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकृत ई-चालान पोर्टल पर उपलब्ध है। इसे देखने के लिए नीचे दिए गए तरीके अपनाएं।
- सबसे पहले सरकारी ई-चालान पोर्टल https://echallan.parivahan.gov.in पर जाएं।
- चालान की जानकारी देखने वाला विकल्प खोलें।
- वहां Vehicle Number का विकल्प चुनें।
- अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- इसके बाद Get Details पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर वाहन से जुड़े लंबित चालानों की जानकारी दिखाई देगी।
UPI, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से कर सकते हैं भुगतान
लंबित चालानों का विवरण देखने के बाद वाहन मालिक संबंधित चालान चुनकर ऑनलाइन जुर्माना जमा कर सकते हैं। इसके लिए चालान के सामने दिए गए चेक बॉक्स या Pay Now विकल्प पर क्लिक करना होगा।
भुगतान के लिए नेट बैंकिंग, यूपीआई, डेबिट कार्ड और पोर्टल पर उपलब्ध अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है। भुगतान सफल होने के बाद उसकी डिजिटल रसीद भी प्राप्त की जा सकती है।
इस सुविधा से वाहन चालकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। साथ ही चालान भुगतान की प्रक्रिया भी अधिक सरल और सुविधाजनक होगी।
फर्जी ई-चालान मैसेज और APK फाइल से रहें सावधान
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा के साथ परिवहन विभाग ने सुकमा जिले के वाहन मालिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी अनजान मोबाइल नंबर से चालान भुगतान के नाम पर आए संदेश या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें।
खास तौर पर मैसेज के जरिए भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड करने या मोबाइल में इंस्टॉल करने से बचें। किसी अपरिचित व्यक्ति के कहने पर जुर्माने की रकम जमा न करें और न ही उसके बताए लिंक के जरिए भुगतान करें।
वाहन चालक स्वयं अधिकृत सरकारी वेबसाइट खोलकर चालान की जानकारी जांचें और उसी पोर्टल से भुगतान करें। यदि किसी तरह की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।



















