छत्तीसगढ़ में 40 दिन बाद खत्म हुई पटवारियों की हड़ताल, सीएम साय ने मांगों पर विचार के लिए बनाई कमेटी

CG News:  छत्तीसगढ़ में पिछले 40 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद आंदोलन रोकने का निर्णय लिया गया। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत कश्यप ने हड़ताल स्थगित करने की आधिकारिक सूचना जारी की है।प्रदेश के पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। लंबे समय से जारी इस हड़ताल के कारण राजस्व विभाग के कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे थे।

सीएम साय ने मांगों पर विचार के लिए बनाई कमेटी

पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत कश्यप के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपनी सभी मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर विचार और आवश्यक कार्रवाई के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।कश्यप ने बताया कि तूफान के कारण किसानों को भी नुकसान हुआ है। मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री के सामने रखी गई प्रमुख मांगें

पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई वापस लेने से लेकर वेतन और पदोन्नति से जुड़े मुद्दे शामिल है।

  • हड़ताल की अवधि में पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, तबादले और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयों को निरस्त कर पहले जैसी स्थिति बहाल की जाए।
  • आंदोलन की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन का भुगतान किया जाए।
  • वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मामलों पर तत्काल निर्णय लेकर संबंधित आदेश जारी किए जाएं।
  • कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू की जाए।

काम पर लौटेंगे पटवारी, लंबित राजस्व मामलों के निपटारे की उम्मीद

हड़ताल स्थगित होने के बाद पटवारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटेंगे। इससे लंबित राजस्व प्रकरणों के निपटारे में तेजी आने और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।करीब 40 दिनों तक चले आंदोलन के कारण जमीन से जुड़े दस्तावेज, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व सेवाओं के काम अटके हुए थे। इन सेवाओं के प्रभावित होने से आम नागरिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब पटवारियों की वापसी से इन लंबित कामों को गति मिलने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *