IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में PM मोदी का संबोधन, बोले- चुनौतियों से घबराएं नहीं, डटकर मुकाबला करें

खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित किया। संस्थान की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने इसकी ऐतिहासिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में IIT खड़गपुर का अनुभव और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

करीब 23 मिनट के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब देश विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे में IIT खड़गपुर के 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास और नवाचार की दिशा को नई गति देने में अहम साबित होगा। उन्होंने संस्थान के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा के लिए बधाई दी।

सेमीकंडक्टर कंपनियों को लेकर कही ये बात

प्रधानमंत्री ने भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए आई थी, लेकिन उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें देश की जिम्मेदारी मिली तो उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठकर फाइलें तैयार करवाईं और इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए जरूरी फैसले लिए। पीएम मोदी के मुताबिक, आज चार वर्षों में देश में कई सेमीकंडक्टर कंपनियां आई हैं।

युवाओं से चुनौतियों का डटकर सामना करने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से प्रेरणा लेने और जीवन की चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहस के साथ सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या देश का सामर्थ्य इस बात से तय होता है कि वह चुनौतियों का सामना कितने साहस के साथ करता है।

उन्होंने कहा कि वह चुनौतियों को चुनौती दिए बिना नहीं रह सकते। देश के युवाओं को भी इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि भारत आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।

स्मारक सिक्का किया जारी

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने IIT खड़गपुर की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्मारक सिक्का भी जारी किया। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों की इस यात्रा में संस्थान ने देश के विकास और तकनीकी नवाचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस दौरान कई बदलाव देखने को मिले हैं और IIT खड़गपुर ने हर दौर में अपनी अहम भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी ने संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी IIT खड़गपुर देश की तकनीकी क्षमता, अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *