मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए CM योगी, पार्थिव शरीर को कंधा देकर निकले अंतिम यात्रा में

पंचूर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। शनिवार को वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां मां के पार्थिव शरीर को अंतिम बार देखने के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह अपने आंसू पोंछते भी नजर आए। सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

मां को कंधा देकर अंतिम यात्रा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इसके बाद अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट के लिए रवाना हुई। यहां शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया जाना निर्धारित है। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी की गईं।

पंचूर स्थित पैतृक आवास पर हुआ था निधन

सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर हुआ था। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। जिस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की खबर मिली, उस वक्त वह गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री

मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सीधे लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है। लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित होना है। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *