बलौदाबाजार में मां और दो मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत, गांव में पसरा मातम

 बलौदाबाजार। देवउठनी एकादशी के दिन बलौदाबाजार जिले के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली में एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। शुरुआती जांच में तीनों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला और दोनों बच्चों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नही हो सकी है।

जहर सेवन से मौत की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आशंका है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस घटनाक्रम की पुष्टि नही की है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पारिवारिक विवाद की भी चर्चा

घटना को लेकर गांव में चर्चा है कि महिला के पति की दूसरी शादी को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी तनाव को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नही हुई है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

कसडोल CHC में रखे गए शव

पुलिस ने महिला और दोनों बच्चों के शवों को जांच के लिए कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *