दुर्ग-भिलाई में जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, पहले चरण में शुरू होगा 20 बसों का संचालन

 दुर्ग। जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बुधवार को पहली इलेक्ट्रिक बस भिलाई पहुंची। इसके बाद बस का ट्रायल किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग मार्गों पर सफर कर बस की संचालन व्यवस्था, सुविधाओं और यातायात मार्गों का जायजा लिया।दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को शासन से मंजूरी मिली है। योजना के पहले चरण में 20 बसें शुरू करने की तैयारी है। ट्रायल पूरा होने के बाद अब इनके नियमित संचालन की दिशा में काम तेज कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बस में सफर कर परखी व्यवस्था

ट्रायल के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। बस ने नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक, शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक और दुर्ग रेलवे स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख स्थानों से होकर यात्रा की।इसके बाद बस दुर्ग बस स्टैंड, राजेंद्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध और पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई पहुंची। कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह भी दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बस सेवा की संचालन व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

कादंबरी नगर में बनाया गया बस डिपो

इलेक्ट्रिक बसों की पार्किंग और चार्जिंग के लिए दुर्ग के कादंबरी नगर स्थित सिकोला भाठा में डिपो तैयार किया गया है। यहां बसों को खड़ा करने के साथ उनकी चार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है।भिलाई नगर निगम के अधिकारी तिलेश्वर साहू के मुताबिक, दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई तक बसें चलाने की योजना है। इसके अलावा दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, उतई, रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर तक भी बस कनेक्टिविटी प्रस्तावित है।

बसों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों में सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक करने जैसी सुविधाएं देने की योजना है।ई-बस सेवा शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिल सकती है। ट्रायल के बाद अब दुर्ग-भिलाई में बसों के नियमित संचालन की तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *