ICC Cricket Calendar 2035: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट के प्रमुख टूर्नामेंट का कार्यक्रम तय कर दिया है। इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों के बाद जारी इस कैलेंडर में वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) जैसे बड़े आयोजन शामिल हैं। इस कार्यक्रम में भारत को दो अहम टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारत अक्टूबर 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित करेगा, जबकि 2031 में भारत और बांग्लादेश मिलकर वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे।
2029 में भारत में खेली जाएगी चैंपियंस ट्रॉफी
ICC के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, चैंपियंस ट्रॉफी 2029 का आयोजन भारत में अक्टूबर महीने में होगा। इसके दो साल बाद यानी 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 9 अक्टूबर से 23 नवंबर के बीच खेले जाएंगे।ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा कि वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की अहम भूमिका है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों और प्रशंसकों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल से जुड़ने के महत्वपूर्ण अवसर देते हैं।
2028 और 2030 के टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान तय
ICC ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन स्थलों और तारीखों का भी ऐलान किया है। साल 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। प्रतियोगिता 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक आयोजित होगी। यह टी20 वर्ल्ड कप का 11वां संस्करण होगा।इसके बाद 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन करेंगे। यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा।
WTC फाइनल के लिए इंग्लैंड को मिली मेजबानी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को लेकर भी ICC ने कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। परंपरा के मुताबिक इसका आयोजन हर दो साल में जून महीने में होगा।रिपोर्ट्स के अनुसार, 2029 और 2031 के WTC फाइनल इंग्लैंड में खेले जाएंगे। साल 2029 का फाइनल 8 से 12 जून के बीच होगा, जबकि 2031 का खिताबी मुकाबला 12 से 16 जून तक आयोजित किया जाएगा।हालांकि, 2033 और 2035 में होने वाले WTC फाइनल के मेजबान देशों के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं।



















