PPO नंबर अपडेट कराने के नाम पर रेलवे कर्मचारी से 7.49 लाख की ऑनलाइन ठगी

 रायपुर। राजधानी रायपुर में पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर रिवाइज कराने का झांसा देकर एक रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपए निकाल लिए गए। ठगी की शिकायत मिलने के बाद डीडी नगर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

DRM कार्यालय का कर्मचारी बनकर किया फोन

पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे (52) ने शनिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर 9501965589 नंबर से कॉल आया था।

फोन करने वाले ने खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताया। उसने राजू जोल्दे से कहा कि रेलवे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के एक साल बाद अपना PPO नंबर रिवाइज कराना होता है। उसकी बातों में आकर राजू ने बताए गए निर्देशों का पालन किया।

ऐप और बैंक लिंक डाउनलोड करवाकर निकाले पैसे

आरोपी ने राजू जोल्दे के मोबाइल में रेलवे का HRMS ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से ऑनलाइन 7,49,783 रुपए ट्रांसफर हो गए।

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर श्रद्धा जोल्दे ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस अब कॉल करने वाले मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *