घर के आंगन में खून से लथपथ मिली राजमिस्त्री की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

अंबिकापुर। सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक राजमिस्त्री की लाश खून से लथपथ मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी।

यह पूरा मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान अंगत चौधरी पिता घूर साय उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है, जो कि रजपुरी कला गांव के टिकरापारा का रहने वाला था और पेशे से राजमिस्त्री था। बताया जा रहा है कि अंगत घर में अकेले रहता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह 8 बजे उसकी लाश खून से लथपथ हालत में उसके ही घर के आंगन में मिली। इतना ही नहीं पूरे कमरे में खून के छिटे और सामान बिखरे मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *