छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज होगा समापन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

 रायपुर, 03 नवंबर । छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और कला-संगीत के विविध रंगों से सजे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 का समापन आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

राज्योत्सव के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ की लोककला, आदिवासी संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और बॉलीवुड संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मुख्य मंच पर पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले की प्रस्तुति और बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीत समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही शिल्पग्राम में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत करेंगे।

राज्योत्सव के समापन अवसर पर शाम सात बजे से राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें कला, संस्कृति, साहित्य और समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्य अलंकरण प्रदेश की उन विभूतियों के योगदान का सम्मान है, जिन्होंने अपनी साधना, परिश्रम और सृजनशीलता से छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। यह सम्मान नई पीढ़ी को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *