गोंडवाना और भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्रियों के बैग चोरी, 1.40 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ

 रायपुर :  लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के सामान की चोरी के दो मामले सामने आए हैं। गोंडवाना एक्सप्रेस और भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के बैग अज्ञात चोरों ने गायब कर दिए। दोनों घटनाओं में मोबाइल फोन, नकदी, गहने और जरूरी दस्तावेज समेत करीब 1.40 लाख रुपये के सामान की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। जीआरपी रायपुर ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(सी) के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। घटनास्थल दूसरे राज्यों में होने के कारण संबंधित प्रकरण वहां के रेलवे पुलिस थानों को भेज दिए गए हैं।

गोंडवाना एक्सप्रेस में महिला का बैग चोरी

पहली घटना 24 अक्टूबर की रात गोंडवाना एक्सप्रेस में हुई। दिल्ली से रायपुर आ रही सीआईएसएफ में कार्यरत सोनकन्या साहू एस-2 कोच की बर्थ नंबर 80 पर सफर कर रही थीं। शिकायत के मुताबिक, बीना रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले, रात 2:55 बजे उनका बैग चोरी हो गया।

बैग में दो मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पायल, सोने का एक कान का टॉप, ब्लूटूथ डिवाइस, सीआईएसएफ का पहचान पत्र और मेट्रो कार्ड रखा हुआ था। बैग गायब होने का पता चलने पर महिला ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत की।

इस शिकायत के आधार पर जीआरपी रायपुर ने 25 अक्टूबर को शून्य प्राथमिकी दर्ज की। चूंकि चोरी की घटना बीना रेलवे स्टेशन के पास हुई थी, इसलिए मामले को आगे की जांच के लिए जीआरपी बीना भेज दिया गया।

भगत की कोठी एक्सप्रेस में दंपती का पर्स गायब

दूसरी घटना भगत की कोठी एक्सप्रेस में हुई। जोधपुर निवासी ओमप्रकाश शर्मा अपनी पत्नी मनीषा शर्मा के साथ ए-2 कोच में बर्थ नंबर 10 और 11 पर रायपुर आ रहे थे। शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह करीब 7:13 बजे ट्रेन जयपुर स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी मनीषा शर्मा को अपना लेडीज पर्स गायब होने का पता चला।

पर्स में 20 हजार रुपये नकद, एक आईफोन, पति-पत्नी के आधार कार्ड और पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एसबीआई का एटीएम कार्ड और सौंदर्य प्रसाधन का सामान रखा था। शिकायत में चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है।

दंपती ने पहले कोच में पर्स तलाश किया। सामान नहीं मिलने पर उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई और कोच कंडक्टर को भी घटना की जानकारी दी।

जयपुर में हुई चोरी की जांच संबंधित जीआरपी करेगी

इस मामले में भी जीआरपी रायपुर ने 25 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की। जांच में घटनास्थल जयपुर होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण संबंधित जीआरपी थाने को भेज दिया गया।

दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश

दोनों घटनाओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब संबंधित रेलवे पुलिस थाने चोरी की परिस्थितियों, आरोपियों की पहचान और सामान बरामद करने की दिशा में जांच करेंगे।

लगातार चलने वाली ट्रेनों में इस तरह की घटनाएं यात्रियों के लिए चिंता का विषय हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने बैग और कीमती सामान पर नजर रखने के साथ मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की सावधानी बरतनी चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *