कोटा की सुमन केरकेट्टा ने कुराश में जीता स्वर्ण पदक, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दम

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा की कक्षा 10वीं की छात्रा कुमारी सुमन केरकेट्टा ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुराश खेल में स्वर्ण पदक हासिल किया है और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बलौदाबाजार में आयोजित इस प्रतियोगिता में सुमन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ अब वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। सुमन की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उनका भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया।
​समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति पर आधारित मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
​कार्यक्रम के दौरान एसडीएम कोटा सुश्री सीमा पोर्टे, तहसीलदार, बीईओ कोटा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, एसएमएससी अध्यक्ष सुलेश पण्डेय, प्राचार्य श्रीमती आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अर्पणा लाल, शाला विकास समिति के सदस्य कमल आहूजा, मोहन कोरी एवं डॉ. आर. बी. गुप्ता सहित शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सुमन को फूल-माला पहनाकर, तिलक लगाकर तथा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
​अपने सम्बोधन में एसडीएम सुश्री सीमा पोर्टे ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सुमन की यह उपलब्धि विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए एक बेहतरीन प्रेरणास्रोत है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी बड़ी सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सुमन को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
​विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आशा दत्ता ने कहा कि सुमन की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। हमारा विद्यालय छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित और प्रोत्साहित करता रहेगा। कार्यक्रम में खेल शिक्षक दीपक रजवाड़े ने भी खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
करगी रोड कोटा से कमल आहूजा की रिपोर्ट

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *