बाबा जसकीरत सिंह साहिब जी ने साध-संगत की उपस्थिति में किया शुभारंभ, 40 दिनों तक गूंजेगी गुरबाणी की मधुर वाणी
बिलासपुर। सिंधी कॉलोनी, जरहाभाठा स्थित धन गुरु नानक दरबार साहिब में गुरु भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच 5 श्री जपजी साहिब जी का अखंड चालीहा पाठ साहिब 12 अक्टूबर 2026, सोमवार की रात्रि 9 बजे आरंभ हुआ। उल्हासनगर स्थित बाबा थाहिरिया सिंह दरबार के प्रमुख बाबा जसकीरत सिंह साहिब जी एवं बाबा त्रिलोचन सिंह साहेब जी की उपस्थिति में साध-संगत ने गुरु चरणों में शीश नवाकर इस पावन आयोजन में सहभागिता की।
बाबा जसकीरत सिंह साहिब जी एवं बाबा त्रिलोचन सिंह जी के दरबार साहिब पहुंचने पर साध-संगत ने पुष्प वर्षा और फूलों की मालाएं पहनाकर उनका भावपूर्ण स्वागत किया। इस दौरान पूरा दरबार साहिब ‘वाहे गुरु’ के जयकारों से गूंज उठा। बाबाजी ने संगत को दर्शन देकर सभी को आशीर्वाद एवं लख-लख बधाइयां दीं।

40 दिनों तक निरंतर होगा पाठ
दरबार साहिब में 5 श्री जपजी साहिब जी का अखंड पाठ हिंदी में 24 घंटे निरंतर 40 दिनों तक चलता रहेगा। इस पावन पाठ का समापन 24 नवंबर 2026 को गुरुपर्व के अवसर पर भोग साहिब के साथ होगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन अमृतवेले सुखमणि साहिब का पाठ भी किया जाएगा, जिससे दरबार साहिब का वातावरण गुरबाणी और प्रभु सिमरन से भक्तिमय बना रहेगा।
महान कीर्तन दरबार में संगत हुई निहाल
पाठ साहिब के शुभारंभ अवसर पर महान कीर्तन दरबार का आयोजन भी किया गया। इसमें दिल्ली से पहुंचे भाई साहब जसपाल सिंह जी ने मधुर शब्द-कीर्तन प्रस्तुत कर साध-संगत को निहाल किया। संगत ने श्रद्धापूर्वक गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।
दरबार साहिब की प्रबंध व्यवस्था से जुड़े डॉ. हेमंत कलवानी ने बताया कि इन 40 दिनों में साध-संगत को गुरु घर में हाजिरी लगाकर सेवा-सिमरन करने का विशेष अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस पावन आयोजन में सहभागी बनें, गुरु घर की सेवा करें और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को सफल बनाएं।
विश्व कल्याण के लिए हुई अरदास, गुरु का अटूट लंगर बरताया
कार्यक्रम के अंत में भाई साहब जसकीरत सिंह साहब जी ने विश्व कल्याण, सुख-शांति और सर्वजन की खुशहाली के लिए अरदास की , इसके पश्चात उपस्थित साध-संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सेवादारों का रहा सराहनीय योगदान
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में दरबार के प्रमुख भाई साहब मूलचंद नारवानी, पूर्व पार्षद सुरेश वाधवानी, सोनू लालचंदनी, नरेश मेहरचंदनी, गंगाराम सुखीजा, वर्तमान वार्ड पार्षद कंचन सुरेश वाधवानी, बलराम रामानी, डॉ. हुदल दास सोमनानी, मुरली कुकरेजा, प्रकाश जग्यासी, अविनाश हिंदूजा, विष्णु धनवानी, राहुल पमनानी, अशोक मतलानी, सुरेश माधवानी, विकास बजाज, सुमित चिमनानी, रोशन, नंदलाल पोपटानी, बलवीर सिंह, राजेंद्र (पप्पू भाई), साहिल, अनीता नारवानी, ज्योति हिंदूजा, कशिश जैसवानी, स्नेहा पमनानी, पलक हरजपाल, वर्षा सुखीजा, अमृता लालचंदानी, पलक मखीजा, कंचन रोहरा, सोनिया कलवानी, मनन, डॉ. सोनम कलवानी, अक्षय कुमार, नीलम, दीपक लालवानी सहित अन्य सेवादारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
धन गुरु नानक दरबार में आरंभ हुआ यह अखंड चालीहा पाठ साध-संगत के लिए गुरु भक्ति, सेवा, सिमरन और आध्यात्मिक आनंद का विशेष अवसर हैं



















