कवर्धा। ग्राम दामापुर और कापादाह के पास बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही सनराइज पब्लिक स्कूल, बिसेसरा की बस अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और डायल 112 की सहायता से घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पंडरिया पहुंचाया गया।
सभी बच्चों की हालत स्थिर, परिजनों को दी गई सूचना
चिकित्सकों के मुताबिक, हादसे में बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सभी बच्चों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
स्टेयरिंग जाम होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का स्टेयरिंग अचानक जाम हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।



















