रायपुर में कार और ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत, पुलिसकर्मी समेत दो की मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हुई। मृतकों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है, जो सिलतरा थाने में तैनात था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खरोरा से रायपुर जा रहे थे तीनों युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तर्रा गांव के रहने वाले कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी कार से खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली के पास उनकी कार की टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पुलिसकर्मी के रूप में पदस्थ थे। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कार में फंसे घायल युवक को स्थानीय लोगों ने निकाला

दुर्घटना में गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार के भीतर फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने उसे बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया।

फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही पुलिस

टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस दुर्घटना से जुडे तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने और फरार चालक को पकडने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना से जुडी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *